Saturday, 14 February 2026

SSC की परीक्षा में नकल का खुलासा, 10 लाख रुपये में MTS की नौकरी, पहुंची STF तो स्क्रीन पर था एक्सेस


 देहरादूनः उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. उत्तराखंड एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर परीक्षा घोटाले की बड़ी साजिश का खुलासा किया है. इस पूरे ऑपरेशन की शुरुआत उत्तर प्रदेश एसटीएफ से मिली खुफिया सूचना से हुई. सूचना थी कि SSC मल्टी टास्किंग भर्ती परीक्षा-2025 में अभ्यर्थियों को पास कराने के नाम पर मोटी रकम वसूली जा रही है और परीक्षा केंद्र में तकनीकी छेड़छाड़ की जा रही है.

रिमोट एक्सेस लेकर रखे थे अभ्यर्थियों के कंप्यूटर का
देहरादून के महादेव डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र में छापेमारी के दौरान टीम को यूपीएस रूम में 24×24 इंच का अंडरग्राउंड चैंबर मिला, जिसमें लैपटॉप और राउटर छिपाकर रिमोट सिस्टम संचालित किया जा रहा था. इन उपकरणों के जरिए अभ्यर्थियों के कंप्यूटर को दूर से एक्सेस कर प्रश्नपत्र हल किए जा रहे थे. परीक्षा केंद्र को तत्काल सील कर उपकरण जब्त कर लिए गए हैं.
हर अभ्यर्थी से 10 लाख रुपये वसूले जा रहे थे
जांच में खुलासा हुआ कि गिरोह अभ्यर्थियों से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर प्रति उम्मीदवार 10 लाख रुपये तक वसूल रहा था. हाईटेक तकनीक के जरिए परीक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ कर उन्हें पास कराने का भरोसा दिया जाता था. पुलिस ने संकेत दिए हैं कि जिन अभ्यर्थियों ने पैसे देकर नौकरी पाने की कोशिश की, उन्हें भी जांच के दायरे में लाया जाएगा.

No comments:

Post a Comment