Sunday, 22 February 2026

उत्तराखण्ड के शिक्षक-कर्मचारी सोमवार को करेंगे कार्य बहिष्कार


देहरादून।  शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग ने जोर पकड़ लिया है। 
विभिन्न कर्मचारी संगठनों की आपात बैठक में सोमवार को कार्य बहिष्कार का फैसला किया गया है। उत्तराखण्ड बोर्ड की परीक्षाओं को इससे अलग रखा गया है।

दून स्थित शिक्षा निदेशालय व प्रदेश के अन्य हिस्सों में रविवार को कई घण्टे तक चली बैठक में विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी संगठनों ने एकजुट होकर जंग का ऐलान कर सरकार पर दबाव बना दिया है। सोमवार को दो बजे के बाद होने वाली कोर कमेटी की बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति तय की जाएगी।कर्मचा री नेता राम सिंह व दीपक जोशी ने कहा कि कार्यालय का दरवाजा बंद करके शिक्षा निदेशक की हत्या का प्रयास किया गया।


सीसीटीवी फुटेज व अन्य वीडियो की जांच में पूरी सच्चाई सामने आ जायेगी।

शिक्षक-कर्मचारी संगठनों ने देहरादून से लेकर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बैठक कर भाजपा विधायक उमेश शर्मा काऊ व दोषियों की गिरफ्तारी को लेकर आंदोलन का ऐलान लिया है।

बैठक में कोर कमेटी का गठन कर आंदोलन की रणनीति बनाई गई।
वक्ताओं ने भाजपा विधायक उमेश शर्मा व समर्थकों के हिंसात्मक रवैये की कड़ी आलोचना कर गिरफ्तारी की मांग की।

वक्ताओं ने कहा कि सत्तारूढ़ दल के कई नेता अधिकारियों पर दबाव बनाते रहे हैं। एक महिला अधिकारी ने भाजपा नेता गीताराम गौड़ पर ऐसे ही आरोप ल गाए।विभिन्न कर्मचारी संगठनों के नेताओं ने कहा कि ऐसी स्थिति इन काम करना कठिन हो गया है। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य की जंग लड़ने वाले शिक्षक-कर्मचारियों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है।

गौरतलब है कि शनिवार को विधायक उमेश काऊ के हमलावर समर्थकों में एक हिस्ट्रीशीटर का नाम भी सामने आ रहा है। संगठनों ने इसे बेहद गम्भीर प्रकरण बताया। उधर,भाजपा विधायक का कहना है कि उनके साथ 5/6 लोग ही थे। उनके समर्थकों ने कोई हमला नहीं किया।

इस हमले में शिक्षा निदेशक को गम्भीर चोट आई है। निदेशक की ओर से दर्ज प्राथमिकीं में विधायक उमेश काऊ व अन्य को आरोपी बनाया गया है। जबकि काऊ के सुरक्षाकर्मी की ओर से भी क्रॉस रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

भाजपा हाईकमान हस्तक्षेप करें-ध्यानी

उधर, इस गम्भीर मसले पर वरिष्ठ भाजपा नेता प्रकाश सुमन ध्यानी ने भाजपा हाईकमान से हस्तक्षेप की अपील की है। ध्यानी ने कहा कि इस अराजकता को रोकने के लिए गम्भीर कदम उठाने होंगे। उन्होंने कहा कि सत्ता की आड़ में हिंसा व मनमानी की छूट नहीं दी जा सकती।

हालांकि, इस पूरे शर्मनाक प्रकरण के बाद प्रदेश भाजपाध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी विधायक उमेश काऊ से जवाब तलब की बात कही है। लेकिन इस संगठन विधायक व आरोपियों की गिरफ्तारी से कम पर मानने वाले नहीं है। चुनावी साल में शिक्षक-कर्मचारियों के इस आक्रोश से भाजपा को भारी नुकसान होना तय माना जा रहा है।

अपनी ही पार्टी को डाल गए संकट में

गौरतलब है कि रायपुर से भाजपा विधायक उमेश काऊ 2016 में विजय बहुगुणा के नेतृत्व में कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। 2016 में कई कांग्रेसी नेताओं के पाला बदल के बाद भाजपा खेमे असहज महसूस करता रहा है। और अब काऊ-निदेशक प्रकरण के हो हल्ले ने भाजपा के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है।

कोटद्वार व एकेश्वर में भाजपा विधायक की निंदा

कोटद्वार/एकेश्वर।
शिक्षा विभाग से जुड़े संगठनों व अन्य कर्मचारी संगठनों ने देहरादून में रायपुर विधायक की मौजूदगी प्रारम्भिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल पर हुए हमले व अभद्र व्यवहार  की निंदा की, राजकीय शिक्षक संघ के मंडल मंत्री मनमोहन चौहान व मंडल अध्यक्ष जयदीप रावत ने महानिदेशक को पत्र लिखकर शासन -प्रशासन से दोषियों पर कारवाही करने की मांग की है।

मंडलीय मंत्री मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की आवश्यकता नहीं है निदेशालय में जो घटना घटी है वह प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था के हित में नहीं है।


इससे प्रदेश के समस्त शिक्षक समाज अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। जल्दी से घटना में सभी संलिप्त दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए,अन्यथा की स्थिति में समस्त शिक्षक समाज सड़कों पर उतरकर आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे।
उत्तराखण्ड माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र मिश्रा व प्रांतीय महामंत्री डॉ महावीर सिंह बिष्ट ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों पर शीघ्र कारवाही करने की मांग की गई है।


राज्य  कर्मचारी संयुक्त परिषद की रा इ का कोटद्वार में हुईं बैठक में प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर हुए हमले की कठोर शब्दों में निंदा की गई ।  परिषद के अध्यक्ष मुकेश रावत द्वारा दोषियों पर शीघ्र कारवाही करने की मांग की। दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने पर परिषद  आंदोलन करने को मजबूर होगी।


बैठक में परिषद के अध्यक्ष मुकेश रावत,डॉ महावीर सिंह बिष्ट प्रांतीय संयुक्त मंत्री,हर्ष मोहन नेगी मंडलीय अध्यक्ष राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद गढ़वाल मंडल, मुकेश रावत अध्यक्ष राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कोटद्वार, ज्योति प्रकाश मिश्रा महामंत्री राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद कोटद्वार, कैलाश थपलियाल प्रवक्ता, संजय नैथानी उपाध्यक्ष, सौरभ नेगी भास्कर भारद्वाज, अजीम नकवी मौजूद थे।

विकासखंड एकेश्वर के राजकीय शिक्षक संघ व प्राथमिक शिक्षक संघ की कार्यकारिणी के आह्वान पर शिक्षक व कर्मचारियों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एकेश्वर नौगांवखाल में एकत्रित होकर प्रारंभिक शिक्षा निदेशक पर हुए हमले की निंदा करते हुए दोषियों की गिरफ्तारी  की मांग की है।


उन्होंने इस हमले को सम्पूर्ण शिक्षक समाज पर हमला बताया जिसमें खंड शिक्षा अधिकारी गुंजन अमरोही, संजीव थपलियाल, यतेंद्र मोहन धस्माना,सुधीर रावत,लक्ष्मण नेगी, महेन्द्र रौतेला, हिम्मत सिंह राणा उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment