Saturday 7 September 2024

BREAKING: प्रधानाचार्य की 692 नई भर्तियां स्थगित, शिक्षा मंत्री के निर्देश.. अब इस तरह भरे जायेंगे पद



देहरादून: शिक्षा विभाग में 29 सितंबर को प्रस्तावित प्रधानाचार्य के 692 पदों पर भर्ती स्थगित होने की संभावना है। इस भर्ती में 55 वर्ष तक के शिक्षकों को शामिल करने की योजना है, साथ ही 5400 ग्रेड पे वाले एलटी शिक्षकों को भी मौका दिया जा सकता है।

शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने हाल ही में विभिन्न विभागों के सचिवों और शिक्षक संगठनों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मंत्री ने शिक्षक और राज्य हित में भर्ती के संबंध में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। प्रधानाध्यापकों के खाली पदों को पदोन्नति के माध्यम से भरने का निर्णय लिया गया है। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 50 साल से अधिक उम्र के शिक्षकों को प्रधानाचार्य भर्ती में शामिल करने के लिए कुछ कोर्ट के आदेश का पालन किया जा रहा है। इसके अलावा 55 साल तक के अन्य शिक्षकों और नॉन बीएड शिक्षकों को भी भर्ती में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है।

शिक्षा मंत्री ने दिए समाधान के निर्देश

डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को अगले दो से तीन दिन के भीतर समाधान खोजने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर राजकीय शिक्षक संघ ने भर्ती को रद्द या स्थगित करने तक अपने आंदोलन को जारी रखने की चेतावनी दी है। बैठक में अपर मुख्य सचिव वित्त आनंद बर्द्धन, शिक्षा सचिव रविनाथ रामन, सचिव वित्त दिलीप जावलकर, अपर सचिव ललित मोहन रयाल, शिक्षा महानिदेशक बंशीधर तिवारी और राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष राम सिंह चौहान समेत कई प्रमुख अधिकारी शामिल थे।

एलटी 5400 ग्रेड पेः न नौ मन तेल होगा और न राधा नाचेगी

राज्य के सरकारी स्कूलों में एलटी शिक्षकों की स्थिति भजराम हवलदारी जैसी बन गई है। इनका 5400 ग्रेड पे तो न नौ मन तेल होगा और न राधा नाचेगी जैसी है।

एलटी का 5400 ग्रेड पे शुक्रवार देर शाम अचानक चर्चा में आया। चर्चा है कि सरकार प्रधानाचार्य सीधी भर्ती में एलटी शिक्षकों को मौका देने पर विचार कर रही है। 5400 ग्रेड पाने वाले एलटी शिक्षकों को भी सीधी भर्ती में शामिल होने का मौका दिया जा सकता है।

एलटी में 5400 ग्रेड पे भाग्यशाली शिक्षकों को ही मिल पा रहा है। या तो शिक्षक सिर्फ स्नातक हो और विषयगत लाभ/कथित प्रमोशन के झंझट से मुक्त हो तो 22 साल की सेवा के बाद 5400 ग्रेड पे धारी बन सकता है। यदि एलटी शिक्षक किसी विषय में पीजी है तो 5400 ग्रेड पे मुश्किल है। कम से कम कला वर्ग के विषय के शिक्षकों के साथ ऐसा ही कुछ हो रहा है।

दरअसल, राज्य गठन के बाद एलटी शिक्षकों को विषयगत लाभ 15-20 साल के बाद ही मिल पा रहा है। अब शिक्षक इस लाभ को लें तो उन्हें 5400 ग्रेड पे के लिए फिर से प्रवक्ता पद पर 10 साल की सेवा करनी होगी। एलटी में 20 साल की सेवा के बाद प्रवक्ता पद पर बहुत कम शिक्षकों के पास 10 साल की सेवा और होती है। इस तरह से एलटी शिक्षकों के लिए 5400 ग्रेड पे न नौ मन तेल होगा और न राधा नाचेगी जैसे होता है। ऐसे में 5400 ग्रेड पे वाले शिक्षकों को प्रधानाचार्य सीधी भर्ती में मौके की बात शिक्षकों के लिए कितनी फलदायी और कितने शिक्षक इस मानक में आएंगे ये देखने वाली बात होगी। चर्चा एलटी में 15 साल की सेवा का भी है।

हालांकि राजकीय शिक्षक संघ बैठक में दो टूक कह चुका है कि प्रधानाचार्य पद को प्रमोशन से भरा जाए। राजकीय शिक्षक संघ सीधी भर्ती को न तो मौजूदा मानकों पर चाहता है और न किसी संशोधन की स्थिति में। राजकीय शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष श्याम सिंह सरियाल का कहना है कि एलटी शिक्षकों के हित कई स्तर पर प्रभावित हो रहे हैं। वास्तव में एलटी शिक्षकों के लिए 5400 ग्रेड पे बहुत मुश्किल हो गया है। विषयगत लाभ इतने विलंब से मिल रहा है कि इसका कोई मतलब नहीं रह जाता। विषषगत लाभ एलटी शिक्षकों का सिर्फ 5400 ग्रेड पे के मौके को समाप्त करता है।

1 comment: