Wednesday 21 August 2024

विधानसभा सत्रः स्कूलों को मिली अजीबोगरीब जिम्मेदारी, बिस्तर का करना है इंतजाम



गैरसैंण। गैरसैंण विधानसभा सत्र के लिए गैरसैंण ब्लॉक के कुछ स्कूलों के प्रिंसिपल/हेडमास्टरों को अजीबोगरीब जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रिंसिपल/ हेडमास्टरों को सत्र में डयूटी पर आ रहे विभागीय अधिकारियों के स्टॉफ के लिए बिस्तर का इंतजाम करना है।

राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी में अभी तक सभी व्यवस्थाएं प्रॉपर तरीके से नहीं हो सकी हैं। हर विधानसभा सत्र में तमाम व्यवस्थाओं से संबंधित खामियां सामने आती रहती हैं। आवासीय व्यवस्था की कमी हर सत्र में खलती रही है। इससे अधिकारियों के साथ ही स्टॉफ को भी दो चार होना पड़ता है।

बहरहाल, गैरसैंण के खंड शिक्षाधिकारी ने ब्लॉक के जीआईसी मेहलचौंरी, पज्याणखाल, आगरचटटी, लाटूगैर, मरोड़ा, मालसी, आदिबद्री, जीजीआईसी गैरसैंण, हाई स्कूल अंद्रपा, घंडियाल, फरकंडे के प्रिंसिपल/ हेडमास्टर से दो-दो जोड़ी बिस्तर सत्र में आने वाले विभागीय अधिकारियों और स्टॉफ के लिए उपलब्ध कराएं।

इस संबंध में खंड शिक्षाधिकारी विनोद मटूड़ा का कहना है कि पूर्व में हुए विधानसभा सत्र में भी इस प्रकार की व्यवस्थाएं की जाती रही हैं। इस बार भी ऐसा किया जा रहा है। हालांकि शाम होते होते सोशल मीडिया पर इस आदेश के निरस्त होने की बात भी सामने आने लगी थी। पूरे आदेश को लिपिकीय त्रुटी बताया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment