फील्ड में उतरने से पहले और स्वगणना शुरू होने से ठीक पहले, क्यों न इन 40 प्रश्नों का एक बार रिवीजन कर लिया जाए? यही वो सवाल हैं जो हमें घर-घर जाकर पूछने हैं।
इनमें से अधिकांश प्रश्न केवल आँकड़े लगते हैं, लेकिन एक महिला होने के नाते जब मैं प्रश्न संख्या 32 (कभी भी जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या) पर पहुँचती हूँ, तो मन सचमुच भावुक हो जाता है। यह सवाल उन बच्चों की भी जानकारी माँगता है जो इस दुनिया में जीवित तो पैदा हुए, लेकिन किन्हीं कारणों से बच नहीं सके। इन आँकड़ों को दर्ज करते समय कई बार एक माँ का पुराना दर्द और उसकी आँखें पुनः छलक सकती हैं, क्योंकि किसी भी माँ के लिए अपने बच्चे की सुधि को इस तरह कागजों में उतारना आसान नहीं होता।
परंतु, देश की सही जनसांख्यिकी, स्वास्थ्य नीतियों और जन्म दर की सटीक गणना के लिए यह डेटा जुटाना उतना ही जरूरी भी है। राष्ट्र निर्माण के इस महायज्ञ में हमें एक प्रगणक (Enumerator) के रूप में अपनी पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ इन दायित्वों का निर्वहन करना है।

No comments:
Post a Comment