Monday, 22 June 2026

CBSE Result 2026: कॉपी दोबारा चेक हुई तो आ गए 500 में से 500 नंबर, पूरे देश में टॉपर बन गईं अवनी केजरीवाल

 


CBSE 12th Result 2026 Topper : सीबीएसई 12वीं री-इवैल्यूएशन रिजल्ट जारी हो चुका है। री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के दौरान दोबारा कॉपी चेक हुई तो रांची की अवनी केजरीवाल को 100% नंबर प्राप्त हुए। 13 मई को जारी किए गए सीबीएसई बोर्ड 12वीं रिजल्ट में अवनी को कम नंबर मिले थे। रिजल्ट जारी होने के बाद, अवनी को विश्वास था कि उनके पेपर अच्छे गए हैं। लेकिन उसके अनुसार नंबर नहीं मिले। उन्होंने सीबीएसई री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया के दौरान मार्क्स वेरिफिकेशन के अप्लाई किया था।


दरअसल, सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने क्लास 12 के मार्क्स के वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन (दोबारा जांच) की रिक्वेस्ट के नतीजे जारी कर दिए हैं। रविवार, 21 जून तक 87 प्रतिशत से ज्यादा छात्रों के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। जिन स्टूडेंट्स ने रिजल्ट के बाद की इन सेवाओं के लिए अप्लाई किया था, वे DigiLocker के ऑफिशियल रिजल्ट पोर्टल पर अपना अपडेटेड स्टेटस देख सकते हैं।

सीबीएसई 12वीं में पहले आए थे 94% नंबर

अवनी केजरीवाल, झारखंड के रांची की रहनी वाली हैं। उन्होंने इस साल कॉमर्स स्ट्रीम से सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा दी थी। सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट 13 मई 2026 को घोषित किया गया था। रिजल्ट जारी होने के बाद परिवार में खुशी का माहौल था, क्योंकि अवनी को 94% मार्क्स मिले थे। लेकिन अवनी इससे उतनी खुश नहीं थीं। उन्हें अपनी मेहनत पर पूरा यकीन था। इसलिए उन्होंने सीबीएसई 12वीं री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया का फायदा उठाने का फैसला किया।

दो चरणों के बाद चेक हुई आंसर शीट

सीबीएसई के नए ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम (CBSE) पर उठे सवालों के बाद, छात्रों को री-इवैल्यूएशन का मौका दिया गया था। यह प्रक्रिया दो चरणों में पूरी हुई- पहले चरण में छात्रों को अपनी आंसर शीट प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना था, जबकि दूसरे फेज में छात्रों को मार्क्स वेरिफिकेशन के लिए अप्लाई करना था। एप्लीकेशन फीस अलग-अलग जमा हुई, जिसे बोर्ड ने पहले के मुकाबले काफी कम कर दिया था। अवनी ने बताए गए तरीके से अपनी कॉपी दोबारा जांचने के लिए आवेदन किया।

कॉपी चेकिंग के बाद मिले 500 में से 500 नंबर, बनीं नेशनल टॉपर

कॉपी री-चेकिंग के बाद 21 जून को 87% से अधिक छात्रों का परिणाम घोषित किया गया। उनमें से एक रांची की अवनी केजरीवाल भी थीं। अवनी का विश्वास यकीन में बदल गया। क्योंकि उनके मार्क्स 94% से बढ़कर 100% हो गए। इस बार उनका एक भी नंबर नहीं कटा और 500 में से 500 नंबर के साथ 12वीं बोर्ड परीक्षा पास की। उन्होंने न सिर्फ पूरे झारखंड बल्कि पूरे देश में टॉप किया है।

स्कूल प्रिंसिपल ने भी की तारीफ

इस अवसर पर डीपीएस रांची की प्रिंसिपल डॉ. जया चौहान ने अवनी की तारीफ करते हुए कहा, 'अवनी द्वारा 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त कर नेशनल टॉपर बनने की यह उपलब्धि पूरे डीपीएस रांची परिवार के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। मैं अवनी, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को इस अद्भुत उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देती हूं। मेरी कामना है कि वह भविष्य में भी नई ऊँचाइयों को छूएँ और अनगिनत युवा प्रतिभाओं को बड़े सपने देखने तथा उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा देती रहें।'

अवनी की सफलता न केवल उनकी असाधारण मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि उस उत्कृष्टता की संस्कृति का भी प्रतिबिंब है, जिसे हमारा संस्थान निरंतर प्रोत्साहित करता है।
डॉ. जया चौहान, प्रिंसिपल, डीपीएस रांची

बता दें कि CBSE द्वारा पहले शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, क्लास 12 के नतीजे घोषित होने के बाद स्टूडेंट्स ने 4,04,319 एप्लीकेशन के जरिए 11,31,961 आंसर शीट की स्कैन की गई कॉपी मांगी थीं। 1.6 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स ने इन 3.8 लाख उत्तर पुस्तिकाओं से संबंधित रिक्वेस्ट जमा की थीं।

No comments:

Post a Comment