Dehradun: उत्तराखंड एसटीएफ की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने ऑनलाइन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर देशभर में ठगी करने वाले आरोपी को छत्तीसगढ के दुर्ग जिले से गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने देहरादून निवासी एक महिला के साथ ऑनलाईन पार्ट टाइम जॉब के नाम पर की गई थी। इसके साथ 13 लाख से अधिक रूपये की धोखाधडी की गई थी।
उत्तराखंड एसटीएफ के मुताबिक देहरादून निवासी एक महिला द्वारा साईबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई गयी थी। जिसमे पीड़ित महिला द्वारा बताया गया कि उसने 15 दिसंबर 2023 को इन्स्टाग्राम पर एड के माध्यम से टास्क पूरा करने के बदले आन लाईन जॉब का आफर की जानकारी के लिए क्लिक किया। गूगल में उक्त साईट का एक लिंक आया। आगे बढ़ने के लिए दोबारा क्लिक करने पर उसके के व्हाटस्अप नम्बर पर एक मैसेज आया। जिनमें आरोपियों द्वारा ऑनलाइन नौकरी का ऑफर देते हुए अलग-अलग टास्क पूरे करने के बदले लाभ कमाने की बात की गई और पीड़िता के व्हाट्सअप नंबर पर एक लिंक भेजा गया। लिंक को खोलकर वीडियो को लाइक करके स्क्रीन शॉट लेकर वापस भेजने की बात कही गई। साथ ही बताया गया कि आपको एक वीडियो को लाइक करने के 150 रुपये मिलेंगे। इसके लिए पीड़िता द्वारा उन्हें अपने पति का बैंक खाता दे दिया गया। इस पर पीड़िता द्वारा 03 वीडियो को लाइक कर स्क्रीन शॉट भेजने के बदले में पति के खाते में 450 रुपये पहला अमाउंट प्राप्त किया गया।
इसके बाद आरोपियों द्वारा पीड़िता को व्हाट्सअप पर टेलीग्राम का लिंक दिया गया। टेलीग्राम में प्रियंका अरोड़ा नाम की महिला से बात हुई, जिसने खुद को BINANCE कंपनी की रिसेप्शनिस्ट बताया। जिसके द्वारा पीड़िता को चेटिंग के माध्यम से निर्देश देते हुए टास्क दिए गए। पीड़िता द्वारा लिंक खोलने के बाद उनके द्वारा बनाए गए टेलीग्राम ग्रुप (नार्मल, सुपर और एक्सीलेंट ग्रुप) में अलग-अलग टास्क पूरे कर करीब 5000 रुपये का लाभ प्राप्त किया गया। इस पर साइबर ठगों द्वारा पीड़िता को दोबारा विश्वास में ले लिया गया और पीड़िता के फोन पर एक लिंक भेजकर फोन-पे डाउनलोड कराया गया। पीड़िता के बैंक खाते से संबंधित जानकारी भी प्राप्त की गई। इसके बाद पीड़िता को शक होने पर, जब अपना बैंक बैलेंस चेक किया गया,तो बैंक खाते से 13 लाख 67 हजार रुपये निकाले जा चुके थे।
इसके पश्चात पीड़ित महिला द्वारा टेलीग्राम के माध्यम से कथित प्रियंका अरोड़ा जिसके द्वारा अपनी कम्पनी का पता BINANCE USDT(INDIA), 52 MAX MUELLER MARG, LODHI ESTATE, NEW DELHI- 110003 INDIA बताया गया था से सम्पर्क करने की कोशिश की गयी तो इनके द्वारा सभी रुपये एक दिन में वापस खाते में डाल देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद उक्त सारे टेलीग्राम ग्रुप व चैट उनके द्वारा दिसम्बर-2023 में ही डिलीट कर दी गयी।
इस प्रकार अज्ञात साईबर फ्रॉड्स द्वारा पीड़ित महिला को ऑनलाईन पार्टटाइम जॉब के नाम पर विश्वास में लेकर तथा उक्त BINANCE नामक फर्जी कम्पनी के कर्मचारी बनकर महिला के साथ 13 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी को अंजाम दिया गया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले का खुलासा करने के लिए गठित टीम द्वारा घटना में प्रयुक्त मोबाइल नंबर और आरोपियों द्वारा पीड़िता से प्राप्त धनराशि की जानकारी प्राप्त की गई। संदिग्ध मोबाइल नंबर और खातों की जानकारी से आरोपियों का छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से संबंध होना पाया गया। जिससे साइबर थाने की पुलिस टीम को संबंधित स्थानों के लिए रवाना किया गया। जिसके बाद एसटीएफ की टीम ने एक आरोपी राजू बाघ निवासी जिला दुर्ग छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया।
आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म आदि के माध्यम से ऑनलाइन पार्ट टाइम नौकरी के लिए गूगल पर फर्जी लुभावने विज्ञापन और लिंक डाले जाते हैं। जिस पर इनके झांसे में आए पीड़ितों द्वारा लिंक पर क्लिक करते ही इन साइबर अपराधियों द्वारा तुरंत संबंधित से व्हाटसएप य मैसेज के माध्यम से संपर्क किया जाता है और उन्हें विश्वास में लेकर टेलीग्राम ग्रुप आदि से जोड़कर पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर लुभाव देकर लिंक के माध्यम से वीडियो लाइक करने के टास्क देकर लाभ के लिए उनसे बैंक खाते की जानकारी प्राप्त की जाती है और उनके खाते में शुरूआत में कुछ लाभ दिया जाता है। जिससे पीड़ित दोबारा इनके झांसे में आ जाते हैं और फिर आरोपियों द्वारा फोन-पे एप डाउनलोड कराकर इनके बैंक खातों की अन्य गोपनीय जानकारी प्राप्त कर पीड़ितों की धनराशि हड़प लेते हैं।
एसटीएफ एसएसपी आयुष अग्रवाल ने बताया कि पूछताछ में आरोपी राजू बाघ द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों के साथ धोखाधड़ी की जा रही है। जिसके द्वारा प्रयोग किए जा रहे ICICI बैंक के खाता संख्या के खिलाफ देश के अलग-अलग राज्यों में कई शिकायतें दर्ज होना पाया गया है। उन्होंने कहा कि अन्य सह आरोपियों की तलाश जारी है।
राजू बाघ पुत्र मलखाम बाघ निवासी वार्ड नं0-16, पदम नगर, निकट श्री राम सिटी, चरोदा, भिलाई, थाना भिलाई, जिला दुर्ग, छत्तीसगढ उम्र-39 वर्ष है। इसके पास से एक मोबाइल फोन OPPO कम्पनी, दो सिम मोबाईल नम्बर 8319555205 व 7415277192, 04 चैक बुक, 04 एटीएम कार्ड, 01 क्रेडिट कार्ड, आर0सी0, ड्राईविंग लाईसेन्स, पैन कार्ड व आधार कार्ड की प्रतियां बरामद हुई। पुलिस टीम में निरीक्षक देवेन्द्र नबियाल ( विवेचक), उपनिरीक्षक आशीष गुसाँई, अपर उपनिरीक्षक मुकेश चन्द्र, कांस्टेबल नितिन रमोला शामिल थे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस0टी0एफ0 उत्तराखण्ड आयुष अग्रवाल द्वारा जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लोक लुभावने अवसरो/फर्जी साइट/धनराशि दोगुना करने व टिकट बुक करने वाले अंनजान अवसरो के प्रलोभन में न आयें । किसी भी प्रकार के ऑनलाईन टिकट को बुक कराने से पूर्व उक्त साईट का पूर्ण वैरीफिकेशन स्थानीय बैंक, सम्बन्धित कम्पनी आदि से भलीं भांति इसकी जांच पड़ताल अवश्य करा लें तथा गूगल से किसी भी कस्टमर केयर नम्बर सर्च न करें। कोई भी शक होने पर तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या साइबर क्राईम पुलिस स्टेशन को सम्पर्क करें ।वित्तीय साईबर अपराध घटित होने पर तुरन्त 1930 नम्बर पर सम्पर्क करें।

No comments:
Post a Comment