देहरादून/बागेश्वर, 30 अगस्त 2026। उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता एक बार फिर तेज हो गई है। पहाड़ से लेकर मैदान तक कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 1 सितंबर तक मानसून की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 31 अगस्त को देहरादून, बागेश्वर, चमोली और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
इन चार जिलों में भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा तेज से अत्यंत तेज वर्षा के दौर की संभावना है। मौसम को देखते हुए लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
7 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र ने टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में 31 अगस्त को भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ तेज वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
बागेश्वर , नैनीताल और देहरादून में कक्षा 1 से 12 तक स्कूल बंद
मौसम विभाग की चेतावनी और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बागेश्वर, नैनीताल और देहरादून जिले में 31 अगस्त, सोमवार को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी सोमवार को बंद रहेंगे।
जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 30 अगस्त को जारी मौसम पूर्वानुमान में 31 अगस्त को कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसी के मद्देनजर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी बागेश्वर को अवकाश संबंधी आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने बरतने को कहा सतर्कता
मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेष रूप से भारी बारिश के दौरान नदी-नालों, गधेरों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है।

No comments:
Post a Comment