Monday, 27 July 2026

पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार कल 04 जिलों में बंद रहेंगे स्कूल


उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जारी किया है। वहीं, कुछ जिलों के लिए भारी से भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है। प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज दौर की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों ने हिदायत देते हुए कहा कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और नदी-नालों के किनारे जाने से परहेज करें। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों की बात करें तो दो अगस्त तक प्रदेश भर में मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा।

बारिश ने दिलाई उमस से राहत

बीते कुछ दिनों से पर्वतीय इलाकों की तुलना में मैदानी क्षेत्रों में कम बारिश हो रही है। जिसके चलते उमस परेशान कर रही है। सोमवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। सुबह से मौसम साफ रहने से दिन के समय उमस ने परेशान किया। हालांकि देर शाम तेज दौर की बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। आंकड़ों पर नजर डालें तो दून में सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक 0.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। जौलीग्रांट में 11.0 एमएम बारिश हुई, जबकि मालदेवता में 10.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, दून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री इजाफे के साथ 31.6 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़ोतरी के साथ 25.3 डिग्री रहा। ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों का भी रहा।








No comments:

Post a Comment