पटना। बिहार की राजनीति में एक युगांतकारी मोड़ सामने आया है। करीब 21 वर्षों से राज्य की सत्ता की धुरी रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब सक्रिय कार्यपालिका की भूमिका से हटकर संसद के उच्च सदन राज्यसभा में जाने की तैयारी में हैं।
बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर सामने आया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने पर आधिकारिक मुहर लग गई है।
जदयू नेतृत्व की ओर से इसकी पुष्टि के बाद राज्य की सत्ता में बड़े बदलाव की पटकथा साफ होती नजर आ रही है। नीतीश कुमार ने बुधवार सुबह 8:00 बजे मुख्यमंत्री आवास में जदयू विधायकों की अहम बैठक बुलाई है।
अब कौन होगा सीएम, अटकलें तेज
इस बैठक में वह अपने फैसले की औपचारिक जानकारी विधायकों को देंगे। इसके बाद करीब 10:00 बजे वे राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के साथ ही बिहार को नया मुख्यमंत्री मिलने की चर्चा तेज हो गई है। सियासी गलियारों में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल के नाम संभावित दावेदारों के रूप में सामने आ रहे हैं।
वहीं, नीतीश कुमार के विधान परिषद की सीट से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उनके पुत्र निशांत कुमार को भेजे जाने की भी तैयारी बताई जा रही है।
इसके अलावा जल संसाधन मंत्री विजय चौधरी को बिहार का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की संभावना भी जताई जा रही है।
2005 से सत्ता की धुरी रहे नीतीश
नीतीश कुमार ने 24 नवंबर 2005 को पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। जीतन राम मांझी के संक्षिप्त कार्यकाल को छोड़ दें, तो वे लगातार बिहार की सत्ता के केंद्र में बने रहे।
20 नवंबर 2025 को उन्होंने दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद थे।
सामाजिक बदलाव की पहचान
जदयू के वरिष्ठ नेताओं के मुताबिक, नीतीश कुमार अपनी इच्छा से राज्यसभा जा रहे हैं। उनका कार्यकाल कानून-व्यवस्था में सुधार, शराबबंदी, आधारभूत संरचना के विस्तार और सामाजिक बदलावों के लिए जाना जाएगा।
खासकर बच्चियों के लिए साइकिल योजना, प्रति व्यक्ति सड़क उपलब्धता में वृद्धि और हर घर बिजली जैसी योजनाएं उनके शासन की प्रमुख पहचान रहीं।
नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना न सिर्फ उनके राजनीतिक सफर का नया अध्याय है, बल्कि बिहार की सत्ता व्यवस्था में भी एक बड़े परिवर्तन का संकेत माना जा रहा है।
निशांत कुमार रखेंगे राजनीति में कदम
बता दें कि हाल ही में दैनिक जागरण ने निशांत कुमार के राजनीति में कदम रखने की खबर चलाई थी, जिसमें बताया गया था कि उन्हें कोई बड़ी जिम्मेदारी भी मिल सकती है।

No comments:
Post a Comment