देवप्रयाग। सरकारी स्कूलों के शिक्षक/ शिक्षिकाओं के प्रयासों से स्कूल निजी स्कूलों को टक्कर दे रहे हैं। राजकीय प्राथमिक विद्यालय जामणीखाल के छात्र/छात्राओं का सैनिक स्कूल, हिम ज्योति स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में सफलता इस बात का प्रमाण है।
टिहरी जिले के देवप्रयाग ब्लॉक के दुर्गम श्रेणी के स्कूल राजकीय प्राथमिक विद्यालय जामणीखाल के छात्र दक्षित बिष्ट ने जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहली रैंक प्राप्त की।
स्कूल की छात्र समीक्षा और छात्र अंश ने भी प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की। स्कूल के पांच अन्य छात्र/छात्राओं ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। मगर, उनका प्रवेश सुनिश्चित नहीं हो सका। दक्षित बिष्ट ने सैनिक स्कूल की प्रवेश परीक्षा में 63 रैंक हासिल की।
स्कूल की छात्रा अंजली समीक्षा, वेदिका, आराध्या और वंशिका ने हिम ज्योति स्कूल की प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल की। स्कूल, संकुल, ब्लॉक और जिला स्तर पर आयोजिक शैक्षिक प्रतियोगिताओं में भी स्कूल के छात्र/छात्राओं का प्रदर्शन शानदार रहा।
स्कूल के प्रधानाध्यापक विनोद कुमार ने बताया कि स्कूल में छात्र/छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर पूरा फोकस किया जाता है। इसके परिणाम भी मिल रहे हैं। इस तरह से कहा जा सकता है कि सरकारी स्कूल किसी से कम नहीं है।
बहरहाल, खंड शिक्षा अधिकारी भास्कर चंद्र बेबनी ने विभिन्न प्रवेश परीक्षा में सफल छात्र/छात्राओं और शिक्षकों को बधाई दी।

No comments:
Post a Comment