Tuesday, 17 March 2026

अप्रैल से बदलेगा कक्षा 9 का सिलेबस, नई NCERT किताबों को लेकर बड़ा अपडेट


Class 9 Update: स्कूल शिक्षा से जुड़ा बड़ा अपडेट सामने आया है। National Council of Educational Research and Training (NCERT) ने नई शिक्षा नीति 2020 के तहत पाठ्यक्रम और किताबों में बदलाव को लेकर अहम एडवाइजरी जारी की है। इस बदलाव का असर आने वाले सत्रों में चरणबद्ध तरीके से दिखेगा।

NCERT के अनुसार, कक्षा 1 से 8 तक की नई किताबें तैयार हो चुकी हैं और अब ये प्रिंट के साथ-साथ डिजिटल फॉर्मेट में भी उपलब्ध हैं। इन किताबों को राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा 2023 के आधार पर तैयार किया गया है, जिससे पढ़ाई को ज्यादा व्यावहारिक और छात्र-केंद्रित बनाया जा सके। 

ड्राफ्ट सिलेबस जारी 

वहीं, कक्षा 9 के छात्रों के लिए बड़ा बदलाव अगले शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू होगा। इसके तहत नई किताबें लाई जाएंगी और सिलेबस में भी बदलाव होगा। फिलहाल कक्षा 9 का ड्राफ्ट सिलेबस जारी कर दिया गया है, जिस पर शिक्षकों और विशेषज्ञों से फीडबैक मांगा जा रहा है।

NCERT ने शिक्षकों को सलाह दी है कि वे नए सिलेबस को लागू करने से पहले छात्रों की बुनियादी समझ को मजबूत करें, ताकि बदलाव के दौरान पढ़ाई में किसी तरह की दिक्कत न हो। 

10 और 11 के लिए अभी बदलाव नहीं 

इसके अलावा, कक्षा 10 और 11 के लिए नई किताबें सत्र 2027-28 से लागू होंगी। तब तक 2026-27 सत्र में इन कक्षाओं के लिए पुरानी किताबों से ही पढ़ाई जारी रहेगी।

NCERT ने स्कूलों, शिक्षकों और अन्य संबंधित पक्षों से अपील की है कि वे इस बदलाव को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करने में सहयोग करें। यह कदम शिक्षा को अधिक आधुनिक, कौशल आधारित और भविष्य के अनुरूप बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

No comments:

Post a Comment