Friday, 23 January 2026

CBSE School Bharti : सीबीएसई स्कूलों में 5500 पदों पर होगी भर्ती, जानिए कैसे होगी परीक्षा



हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई से संबद्ध 130 सरकारी स्कूलों में शिक्षकों सहित अन्य स्टाफ के करीब 5500 पदों को भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग की पहल पर फरवरी माह में चयन टेस्ट आयोजित करने की तैयारी चल रही है। परीक्षा ऑनलाइन माध्यम से होगी और इसके लिए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड शेड्यूल तैयार कर रहा है। सूत्रों के अनुसार टेस्ट फरवरी के अंतिम सप्ताह में हो सकता है, हालांकि औपचारिक अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है। बोर्ड यह भी सुनिश्चित कर रहा है कि परीक्षा अन्य बोर्ड परीक्षाओं से न टकराए, क्योंकि मार्च में कई अहम परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। गौरतलब है कि 24 जनवरी को स्कूल शिक्षा विभाग ने बोर्ड को पत्र लिखकर नए शैक्षणिक सत्र से पहले टेस्ट कराने का आग्रह किया था, जिसके बाद प्रक्रिया में तेजी आई। चयन के तहत प्रवक्ता, टीजीटी, जेबीटी, सीएंडवी सहित विभिन्न श्रेणियों के पद भरे जाएंगे। पात्र इन-सर्विस शिक्षक भी इन पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। पदों का सृजन छात्र संख्या और सीबीएसई मानकों के आधार पर किया गया है।

प्रत्येक स्कूल में अधिकतम 1200 विद्यार्थियों को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों की आवश्यकता तय की गई है, जिसे नामांकन के अनुसार घटाया-बढ़ाया जा सकेगा। गैर-शिक्षकीय (मिनिस्ट्रियल) स्टाफ की व्यवस्था अपडेशन व आंतरिक युक्तिकरण से की जाएगी। सीबीएसई संबद्धता के साथ प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बड़े पैमाने पर नियुक्तियों से न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की उम्मीद है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

उत्कृष्टता योजना लागू, सैकड़ों पदों की मंजूरी

प्रदेश सरकार ने 130 सरकारी सीबीएसई स्कूलों के लिए सीबीएसई संबद्ध स्कूल उत्कृष्टता योजना को तत्काल प्रभाव से लागू करने के आदेश जारी किए हैं। शिक्षा सचिव राकेश कंवर की ओर से अधिसूचना जारी की गई है। इससे पहले 25 सितंबर 2025 को 100 स्कूलों में विभिन्न श्रेणियों के 560 पदों के सृजन के आदेश दिए गए थे, जिन्हें उप-योजना के तहत भरा जाएगा। शिक्षकों की पोस्टिंग से मूल काडर में उत्पन्न रिक्तियों या शेष पदों को जॉब ट्रेनी के रूप में सीधी भर्ती से भरा जाएगा।

इनमें प्रमुख रूप से— प्रवक्ता भूगोल: 51, प्रवक्ता संगीत/वाद्य 76, प्रवक्ता आईपी 8, प्रवक्ता मनोविज्ञान 97, प्रवक्ता ललित कला 93, प्रवक्ता संस्कृत, 64 प्रवक्ता समाजशास्त्र 77, प्रवक्ता अर्थशास्त्र:1, प्रवक्ता अंग्रेजी 69, शारीरिक शिक्षा (डिप्लोमा) 24 पद शामिल हैं।


शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के 130 स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू होगा। नियुक्ति, सेवा शर्तें, स्थानांतरण नीति और विशेष भत्तों को लेकर विस्तृत प्रावधान तय किए जा चुके हैं।

30 स्कूलों में अतिरिक्त टीचिंग पद

सरकारी अधिसूचना के अनुसार 30 स्कूलों में पहले से स्वीकृत पदों के अलावा अतिरिक्त टीचिंग पद सृजित किए जाएंगे। पदों की संख्या विभाग तय करेगा और सरकार की मंजूरी के बाद अलग से सूचना जारी की जाएगी। इसके अलावा सभी 130 स्कूलों में एक-एक स्पेशल एजुकेटर, चौकीदार और स्वीपर के पद सृजित कर जॉब ट्रेनी के रूप में भरे जाएंगे।

अंग्रेजी व गणित के 800 शिक्षक, विशेष शर्तें

उत्कृष्टता योजना के तहत 400 अंग्रेजी और 400 गणित शिक्षकों की नियुक्ति राज्य चयन आयोग के माध्यम से की जाएगी। यह नियुक्ति पांच वर्ष की अवधि के लिए अस्थायी आधार पर होगी। शिक्षकों को 30,000 रुपये मासिक मानदेय, वर्ष में 10 माह के लिए देय होगा। विभाग इन शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जाने के लिए विशेष पाठ्यक्रम तैयार करेगा, जिससे विद्यार्थियों की दक्षता और सीखने के स्तर में सुधार हो सके। आवश्यकता अनुसार इन शिक्षकों को अन्य सरकारी स्कूलों में भी तैनात किया जा सकेगा।

आउटसोर्सिंग व अंशकालिक नियुक्तियां

प्रत्येक स्कूल में योग शिक्षक, परामर्शदाता-सह-कल्याण शिक्षक, कैटरिंग सुपरवाइजर और आया की नियुक्ति आउटसोर्सिंग के माध्यम से होगी। इसके अलावा कार्मिक विभाग की पीटी-एमटीडब्ल्यू नीति के तहत 390 अंशकालिक मल्टी टास्क वर्कर (प्रत्येक स्कूल में तीन) रखे जाएंगे। नॉन-टीचिंग स्टाफ,क्लर्क/जेओए आई, सीनियर असिस्टेंट, सुपरिटेंडेंट ग्रेड-1 व 2—की आवश्यकता और युक्तिकरण के माध्यम से पूरी की जाएगी।

No comments:

Post a Comment