अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में गुरुवार को एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान मेघाणी नगर के रिहायशी इलाके में क्रैश हो गया. विमान टेक ऑफ के 5 मिनट बाद इलाके में स्थित बीजे मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में गिर गया.
ऐसा कहा जा रहा है कि, हॉस्टल के ऊपर कैंटीन हैं, जहां पर मेडिकल के छात्र दोपहर के समय लंच करने आते हैं. इस हादसे में 50 लोगों के घायल होने की खबर है. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है. अहमदाबाद पुलिस ने विमान दुर्घटना में घायल हुए 25 लोगों की सूची जारी की है
गुजरात स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा, "अहमदाबाद सिविल अस्पताल के छात्र छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवासीय क्षेत्र उस क्षेत्र में स्थित हैं जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ.
गुजरात स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव धनंजय द्विवेदी ने कहा कि, अहमदाबाद सिविल अस्पताल के छात्रावास, स्टाफ क्वार्टर और अन्य आवासीय क्षेत्र उस इलाके में स्थित हैं, जहां विमान क्रैश हुआ. उन्होंने बताया कि, विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के वहां रहने वाले लोग भी घायल हुए हैं.
उन्होंने कहा कि, विमान हादसे के बाद लगभग 50 घायल लोगों को अहमदाबाद के सिविल अस्पताल में बेहतरीन इलाज के लिए लाया गया है. वे गंभीर लेकिन स्थिर हैं.
डॉक्टर्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक ने कहा, घायलों को रक्त की जरूरत है
अहमदाबाद विमान दुर्घटना में घायल हुए एमबीबीएस छात्रों के बारे में एफएआईएमए डॉक्टर्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक डॉ. रोहन कृष्णन ने कहा कि, विमान बीजे मेडिकल कॉलेज के परिसर में क्रैश हुआ है. उन्होंने कहा कि, एमबीबीएस छात्रों के छात्रावास और सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों के आवासीय ब्लॉक को नुकसान पहुंचा है. हमें 50 लोगों के घायल होने की जानकारी मिली है. पांच लोगों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है... वहां रक्त की जरूरत है.
डीएनए परीक्षण किया जाएगा
उन्होंने बताया कि, बीजे मेडिकल में डीएनए परीक्षण की व्यवस्था की गई है, इसलिए विमान यात्रियों के परिवारों और करीबी लोगों, विशेष रूप से उनके माता-पिता और बच्चों से अनुरोध है कि वे अपने नमूने स्थान पर जमा करें. ताकि पीड़ितों की जल्द से जल्द पहचान हो सके.
लंदन जा रहा एयर इंडिया का एक विमान बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही क्षणों बाद यहां एक आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. विमान में चालक दल के 10 सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे. हादसे में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है.
बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) को उड़ान भरने के तुरंत बाद एकदम तेजी से नीचे आते देखा गया और वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक मेघाणी नगर इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
दुर्घटना के तुरंत बाद, इलाके में काले धुएं का एक बड़ा गुबार उठता देखा गया. शहर में उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है. एयर इंडिया के अनुसार, अहमदाबाद से लंदन के गैटविक जा रही उड़ान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, एक कनाडाई और सात पुर्तगाली नागरिक सवार थे.
दुर्घटना में मारे गए या घायल हुए लोगों का अभी कोई आधिकारिक अनुमान नहीं लगाया जा सका है. ऐसी आशंका है कि मेघाणी नगर के कुछ लोग भी मृतकों में शामिल हो सकते हैं. एक अधिकारी ने बताया कि कई घायलों को शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया है.


No comments:
Post a Comment