Monday, 16 June 2025

16 जून 2025 राजकीय शिक्षक शिक्षा निदेशालय देहरादून पर गरजेंगे शिक्षक


पदोन्नति की मांग को लेकर 16 जून सोमवार को राजकीय शिक्षक शिक्षा निदेशालय देहरादून पर धरना,प्रदर्शन करेंगे,जिसमें कुमाऊं मंडल से भी सैकड़ों शिक्षक शिक्षिकाएं प्रतिभाग करेंगी उपरोक्त जानकारी शिक्षक संगठन के प्रांतीय नेता नवेंदु मठपाल ने देहरादून को रवाना होने से पहले दी।मठपाल ने कहा सभी स्तरों की पदोन्नति सूची जारी किए जाने की मांग को लेकर संगठन पिछले वर्ष से आंदोलनरत है।

विगत वर्ष अक्टूबर,नवंबर में संगठन द्वारा धरना प्रदर्शन,क्रमिक अनशन,आमरण अनशन किया गया जिसके बाद विभागीय उच्चाधिकारियों ,सरकार के बीच शिक्षक संघ का समझौता हुआ,जिसमें पदोन्नति सूची तत्काल निर्गत किए जाने पर सहमति बनी,परन्तु 6 महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी कोई सूची जारी नहीं हुई।श्री मठपाल ने कहा प्रांतीय अध्यक्ष रामसिंह चौहान और महामंत्री रमेश पैन्यूली द्वारा धरना,प्रदर्शन के बाबत नोटिस दिया जा चुका है।



श्री मठपाल ने कहा क्लस्टर स्कूल योजना की आड़ में विभाग द्वारा जिस प्रकार सरकारी स्कूलों
को विलोपित किए जाने का प्रयास किया जा रहा है संगठन इसको किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगा,सरकार को चाहिए कि वह रिक्त पदों पर पूर्णकालिक भर्ती करते हुए ,सरकारी विद्यालयों को भौतिक संसाधनों से परिपूर्ण करे।

राम सिंह चौहान प्रांतीय अध्यक्ष राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड

राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड के सम्मानित शिक्षक शिक्षिकाओं को सादर प्रणाम ।सम्मानित साथियों जैसे कि आप विज्ञ हैं कि सरकार,शासन,विभाग का राजकीय शिक्षकों के प्रति नकारात्मक दृष्टिकोण है के क्रम में संगठन ने अंतिम चेतावनी के रूप में दिनांक 16 जून को एक दिवसीय धरना प्रदर्शन का कार्यक्रम हल्द्वानी की बैठक के पश्चात आम सहमति से तय किया था और इसकी परिणति सोश्यल मीडिया के माध्यम से आपके उत्साह और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता,विश्वास से सफल होने जा रही है और मुझे 2016 के उस ऐतिहासिक आंदोलन की पुनरावृत्ति नजर आ रही है जो आपने अनुशासन और संघर्ष से प्राप्त किया था ।सम्मानित साथियों राजकीय शिक्षक संघ विविध संवर्ग श्रोतों का संगठन है और सभी की महत्वपूर्ण मांगें हैं और संगठन ने हमेशा विभिन्न स्तरों पर गंभीरता पूर्वक वार्ता भी की है जिसमें कुछ सुलझ गये कुछ अभी गतिमान हैं और आपकी एकजुटता से निश्चित रूप से सुलझ भी जाएँगे ।सम्मानित साथियों मेरा व्यक्तिगत आग्रह है कि वर्तमान में हम एक महत्वपूर्ण टार्गेट को लेकर चल रहे हैं और वह है पदोन्नति और निश्चित रूप से इस जटिलता को बिना आपके महत्वपूर्ण सहयोग के नहीं सुलझाया जा सकता है और मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप निश्चित रूप से वर्तमान में इस महत्वपूर्ण लक्ष्य के अतिरिक्त किसी अन्य मुद्दे को लेकर आंदोलन को भटकाने का प्रयास नहीं करेंगे,मैं संगठन की ओर आपको विश्वास दिलाता हूँ कि जब वार्ता होगी संगठन सभी न्यायोचित मांगों को गंभीरता से वार्ता में रखेगा ।मेरा अपनी सभी स्तर की कार्यकारिणियो से आग्रह है कि हम बहुत ही अनुशासित हो कर अपने सदस्यों का नेतृत्व करेंगे और इस आंदोलन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे ।सम्मानित साथियों 1 साल 11 महीने के कार्यकाल में आपकी प्रांतीय कार्यकारिणी हमेशा मुखर रही समय समय आंदोलन किये,ताला बंदी की,रैली निकाली क्या कुछ नहीं किया ?संगठन दिखा है जिस हेतु उसे चुना जाता है और अपेक्षित नहीं मिला परन्तु हम यह नहीं कह सकते है कि नहीं मिला ।मेरा अंत में सभी शिक्षक शिक्षिकाओं से विनम्र निवेदन है कि आप शत प्रतिशत उपस्थिति देकर अपनी शक्ति दिखाकर संगठन की ताक़त बनेंगे और जो नकारात्मक हैं उसे दरकिनार कर संगठन की अग्रिम पंक्ति में खड़े होकर हमारा मनोबल बढ़ायेंगे ।जय राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड ।

शुभेच्छु राम सिंह चौहान प्रांतीय अध्यक्ष राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड




No comments:

Post a Comment