Sunday, 31 March 2024

Bihar Board 10th Result 2024: जिस स्कूल में पिता शिक्षक वहीं से स्टेट टॉपर बनी बेटी, जानें साजिया की सक्सेस स्टोरी



पटना. बिहार विद्यालय परीक्षा समिति यानी बीएसईबी द्वारा रविवार को मैट्रिक की परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं. मैट्रिक की परीक्षा में इस बार पहला स्थान पूर्णिया के शिवांकर कुमार ने पाया है जिन्हें 500 में 489 नंबर मिले हैं. रिजल्ट में तीसरे पायदान पर एक साथ चार परीक्षार्थियों ने कब्जा जमाया है जिसमें से एक वैशाली की साजिया परवीन भी हैं. साजिया परवीन वैशाली जिला के एमटी हाई स्कूल की छात्रा हैं, जिन्हें 500 में 486 अंक मिले हैं.

जब न्यूज़ 18 की टीम ने साजिया परवीन के पिता मोहम्मद साजिद से संपर्क साधा तो उन्होंने अपनी बेटी की सफलता पर काफी खुशी जाहिर की. साजिया के पिता मोहम्मद साजिद ने बताया कि रमजान के पाक महीन में ऐसी खबर मिली, इससे बड़ी खुशी क्या हो सकती है. साजिया के पिता भी स्वयं एक शिक्षक हैं उन्होंने बताया कि मुझे विद्यालय में ही बेटी की सफलता के बारे में जानकारी मिली है और मैं नतीजों को लाइव देख रहा था. खास बात ये है कि जिस विद्यालय से साजिया ने पढ़ाई की है उसी विद्यालय में उसके पिता शिक्षक हैं.

वैशाली जिला के स्कूल में कार्यरत साजिया के पिता ने बताया कि मेरी बेटी ने घर से ही पढ़ाई की और मेरे साथ ही विद्यालय आती थी. चार संतानों में सबसे बड़ी साजिया जब परीक्षा देकर लौटी थी तो उसे यकीन था कि नंबर काफी अच्छे आएंगे. साजिया के पिता ने बताया कि रमजान के मौके पर इतनी बड़ी खुशी मिली है इसका अंदाजा नहीं था. उन्होंने बताया था कि जब साजिया की परीक्षा खत्म हुई तो मैंने बताया था कि उसे 475 के आसपास अंक मिलेंगे लेकिन जब रिजल्ट आया तो उससे कहीं बेहतर नंबर मिला है.

खास बतिया है कि साजिया के अभिभावक यानी माता-पिता दोनों सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं. साजिया की मां सरबरी बेगम भी वैशाली जिला के एक विद्यालय में शिक्षिका हैं. साजिया के पिता जहां मैथ के टीचर हैं उन्होंने घर में ही उसकी पढ़ाई कराई. साजिया के पिता ने कहा कि मैं 2013 में नियोजित शिक्षक के रूप में नौकरी पाया. केके पाठक के आने के बाद से शिक्षा व्यवस्था में काफी सुधार है और यही कारण है कि छोटे शहरों की मेधा भी अब चमक रही है. उन्होंने कहा कि बेटी साजिया अपनी मां के साथ टॉपर वेरीफिकेशन के लिए गई थी. अब बेटी आगे मेडिकल की पढ़ाई करना चाहती है.

No comments:

Post a Comment