Sunday, 19 June 2022

दुखदः नहीं रहे उत्तराखंड के युवा संगीतकार गुंजन डंगवाल, ‘चैता की चैत्वाल’ से मिला था बड़ा मुकाम

 उत्तराखंड संगीत जगत का एक नायाब सितारा अब हमारे बीच नहीं रहा। उत्तराखंड के युवा संगीतकार गुंजन डंगवाल ने नंदू मामा की स्याली, चैता की चैत्वाल जैसे गीतों को अपने संगीत से पिरोया और कई गीतों को अपनी आवाज़ भी दी। रिद्म की स्टाइल को नया स्वरूप प्रदान करने के लिए पहचाने जाने वाले संगीतकार गुंजन डंगवाल का चंडीगढ़ के पास सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया है।



परिवार के करीबियों ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा तड़के चार से पांच बजे के बीच हुआ। वह रात के समय चंडीगढ़ के लिए देहरादून के बंजारावाला स्थित टिहरी विस्थापित कॉलोनी के अपने घर से रवाना हुए थे, जिस दोस्त के पास उन्हें जाना था। उसने गुंजन के समय पर न पहुंचने पर गुंजन के मोबाइल में बीस से पच्चीस कॉल किए। इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। बताया जा रहा है कि वह अपनी स्विफ्ट कार में सवार थे और दुर्घटना के वक्त अकेले ही थे।

हरिद्वार में फैली अग्निपथ की अग्नि, टिकैत का आया ये बयान…

कम समय में हासिल किया बड़ा मुकाम 

गुंजन बेहद प्रतिभाशाली संगीतकार थे। उत्तराखंडी गीत संगीत जगत के लिए ये एक बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है। सभी लोग इस आकस्मिक घटना पर स्तब्ध हैं।  नए और पुराने वाद्ययंत्रों का मिश्रण करने के कारण पहाड़ के लोकसंगीत को एक अलग पहचान दिलाने में सफल रहे थे गुंजन डंगवाल। उत्तराखंड के लोकगायक सौरव मैठाणी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि गुंजन बहुत ही  प्रतिभाशाली म्यूजिक डायरेक्टर और सिंगर थे।

गुंजन हाल ही में पहाड़ी अ-कपेला 3 की तैयारी कर रहे थे। अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से उन्होंने लोगों को इस बारे में जानकारी दी थी। गुंजन ने अपनी मेहनत और लगन से बहुत ही कम वक्त में उत्तराखंड के संगीत जगत में अपना नाम कर लिया था।

पहाड़ के पुराने वाद्ययंत्रों का मिश्रण करने में माहिर थे गुंजन डंगवाल

गुंजन के कई गीतों के संगीत की शुरुआत ही पहाड़ के सबसे पुराने वाद्ययंत्रों में से एक कहे जाने वाले मशकबीन से होती थी। संगीत में प्रयोग और गीतों में बेजोड़ शब्दों के माध्यम से वो हर प्रस्तुति को बेहतरीन बना देते थे। लेकिन अब  हर कोई सन्न है, निःशब्द है, स्तब्ध है… क्योंकि उत्तराखंड के संगीत जगत में रिद्म की स्टाइल को नया स्वरूप प्रदान करने वाले गुंजन डंगवाल अब नए रिद्म को आकार नहीं दे पाएंगे वो हमेशा हमेशा के लिए अपने गीतों के साथ अमर हो गए।


No comments:

Post a Comment